इटावा। उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। सड़क किनारे सो रहे मासूम को एक तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, हादसा भरथना क्षेत्र के सरोजनी रोड तिराहे पर हुआ। बताया जा रहा है कि 12 वर्षीय किशोर दिनभर कबाड़ बीनने के बाद सड़क किनारे सो रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डबल डेकर स्लीपर बस वहां से गुजरी और उसे कुचलते हुए आगे निकल गई।
हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक किशोर की मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन रोकने के बजाय मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV फुटेज अपने कब्जे में लेकर फरार बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
