गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित महराजगंज इलाके में गैस कटर सिलेंडर में हुए जोरदार ब्लास्ट से बड़ा हादसा हो गया। विस्फोट में दो मजदूर और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों मजदूरों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रेलवे के नीलाम स्क्रैप की गैस कटर से कटिंग का काम चल रहा था। कटिंग पूरी होने के बाद जैसे ही गैस कटर सिलेंडर को रखा गया, अचानक तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हो गया।
हादसे में कासिमाबाद क्षेत्र के सुरवतपाली निवासी मजदूर विकास के दोनों पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दूसरे मजदूर अविनाश के दोनों पैर और एक हाथ झुलस गया। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया।
वहीं, पास में बर्तन धो रही बालमती देवी भी विस्फोट की चपेट में आ गईं। उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें देखने में भी परेशानी हो रही है। उनका इलाज गाजीपुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार मिश्रा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रेलवे के नीलाम स्क्रैप की कटिंग के बाद सिलेंडर रखते समय यह हादसा हुआ। फिलहाल सदर कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसे के बाद गैस कटर सिलेंडर के ब्लास्ट के कारणों और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
रिपोर्ट: रिजवान अंसारी
स्थान: गाजीपुर, उत्तर प्रदेश
