इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने लोहिया ट्रस्ट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कई मुख्यमंत्री आए, लेकिन आधुनिक सोच और विजन के मामले में अखिलेश यादव जैसा कोई नहीं है। इसी सोच के साथ उन्होंने लोहिया ट्रस्ट की बैठक बुलाई और सर्वसम्मति से अखिलेश यादव को ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाए जाने का प्रस्ताव पारित कराया।
शिवपाल यादव ने कहा कि उनकी इच्छा है कि लोहिया ट्रस्ट का आधुनिक तरीके से विकास हो और यह काम अखिलेश यादव के नेतृत्व में बेहतर ढंग से हो सकता है। उनका मानना है कि इससे लोहिया ट्रस्ट के साथ-साथ समाजवादी पार्टी भी और अधिक मजबूत होगी।
ओमप्रकाश राजभर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवपाल यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को गठबंधन से आखिर इतनी परेशानी क्यों हो रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “ये सभी के फूफा बने हुए हैं।” शिवपाल ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पूरे प्रदेश में लूट का माहौल है और जनता इससे परेशान है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
माता प्रसाद पांडेय और संजय निषाद को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि माता प्रसाद पांडेय की तबीयत खराब है। उनसे मिलने वह स्वयं भी गए थे और अखिलेश यादव भी गए थे। अन्य कौन मिलने गया, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
महंगाई के मुद्दे पर भी शिवपाल यादव ने भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई लगातार बढ़ी है और इसका जवाब जनता चुनाव में देगी।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत
स्थान: इटावा, उत्तर प्रदेश
