ललितपुर। उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में किसान दिवस के आयोजन स्थल को लेकर किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने मांग की कि किसान दिवस का आयोजन खिरिया मिश्र की बजाय जनपद मुख्यालय पर ही कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसान अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रख सकें।
धरने के दौरान किसानों ने हाल ही में हुई अतिवृष्टि और जलभराव से उड़द, मूंग, तिल समेत अन्य फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने प्रभावित किसानों के लिए 100 प्रतिशत कर्ज माफी, उचित मुआवजा और फसल बीमा का लाभ दिए जाने की मांग की।
किसान यूनियन ने आरोप लगाया कि किसान दिवस को जिला मुख्यालय के बजाय खिरिया मिश्र में आयोजित करने का निर्णय किसानों के हित में नहीं है। उनका कहना है कि इससे बड़ी संख्या में किसानों को अपनी समस्याएं रखने में कठिनाई होती है।
धरने के दौरान किरत बाबा, मंडल उपाध्यक्ष, ने किसानों की मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन को और तेज करने पर विचार करेंगे।
रिपोर्टर: अभिषेक दीक्षित
स्थान: ललितपुर
4TV न्यूज़
