सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने विकासखंड ऐलिया की ग्राम पंचायत जगना का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पंचायत भवन, तालाब, राशन की दुकान, कूड़ा घर, पानी की टंकी, आंगनबाड़ी केंद्र और खेल मैदान का जायजा लिया। पंचायत भवन की व्यवस्थाओं में खामियां मिलने पर उन्होंने ग्राम सहायक और ग्राम सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र में कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था और जूनियर इंजीनियर (जेई) के खिलाफ भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने जलभराव, बिजली, पेंशन, राशन और पेयजल जैसी समस्याओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर डीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सभी शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर. ने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।
रिपोर्टर: नन्द किशोर नाग
स्थान: सीतापुर
4TV न्यूज़
