बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद थाना क्षेत्र के गांव बिसनपुर में नाली पर पत्थर रखने को लेकर दो पड़ोसी पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। विवाद के दौरान कथित तौर पर हुई फायरिंग में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नाली पर पत्थर रखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गई। फायरिंग में एक महिला और एक पुरुष घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। चिकित्सकों के अनुसार, दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर और सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्ष एक-दूसरे के पड़ोसी और परिचित हैं। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस निगरानी बनाए हुए है।
