चित्रकूट। उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले के पहाड़ी थाना क्षेत्र में बाबूपुर तिराहे के पास एक संदिग्ध विस्फोट की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि एक बाउंड्री के अंदर जमीन में करीब आठ फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब 4 से 5 बजे बाबूपुर तिराहे से आगे मुख्य सड़क किनारे स्थित जगदीश गौतम की बाउंड्री के अंदर तेज धमाका हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के ग्रामीण, राहगीर और चरवाहे घबरा गए।
ग्रामीणों का दावा है कि घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर एक खेत में पैर जैसा संदिग्ध अवशेष मिला है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि वह अवशेष मानव शरीर का हिस्सा है या नहीं। इसी कारण घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।
बताया गया कि विस्फोट के तुरंत बाद पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। 14 सितंबर को चरवाहों और स्थानीय लोगों के माध्यम से घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस विस्फोट के कारणों, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और खेत में मिले संदिग्ध अवशेष की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विस्फोट किस वजह से हुआ और क्या वास्तव में कोई व्यक्ति इसकी चपेट में आया था। किसी संभावित पीड़ित की पहचान को लेकर भी अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही विस्फोट के कारणों और घटना की वास्तविक स्थिति का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्टर: इरफान खान
स्थान: बाबूपुर तिराहे
