महोबा। उत्तर प्रदेश के महोबा जिले के भटीपुरा मोहल्ले में घरेलू विवाद के दौरान कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी को मायके ले जाने पहुंचे उसके परिजनों ने घर में घुसकर पति और उसकी मां के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
पीड़ित फहीम का आरोप है कि उसकी पत्नी के मायके पक्ष के लोग उसके घर पहुंचे और विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की। उनका कहना है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े भी फाड़ दिए गए। जब उनकी मां बचाव के लिए आगे आईं तो उनके साथ भी कथित रूप से मारपीट की गई।
फहीम के अनुसार, उनकी पत्नी अक्सर कुछ दिन ससुराल में रहने के बाद मायके चली जाती है, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद होता रहा है। उनका दावा है कि घटना के दौरान घर में रखी ढाई लाख रुपये की नकदी भी गायब हो गई। आरोप है कि यह रकम गोदरेज अलमारी में रखी थी, जिसे ससुराल पक्ष के लोग अपने साथ ले गए।
पीड़ित का कहना है कि विवाद बढ़ने पर मोहल्ले के लोगों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पत्नी के परिजन उसे अपने साथ मायके ले गए।
घटना के बाद फहीम ने शहर कोतवाली में नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस को तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
