गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव में एक स्क्रैप व्यापारी के घर कथित डकैती का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि देर रात हथियारों से लैस बदमाश घर में घुस आए, परिवार को बंधक बना लिया और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। घटना में एक महिला के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, घटना देर रात करीब 2:30 बजे हुई। आरोप है कि बदमाशों ने पहले घर के बाहर मिर्च डालकर कपड़े में आग लगा दी। धुआं और आग का आभास होने पर जैसे ही परिवार ने मुख्य गेट खोला, करीब छह हथियारबंद बदमाश जबरन घर में घुस आए।
परिजनों का आरोप है कि बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बना लिया। विरोध करने पर महिला के हाथ में चाकू मार दिया गया, जबकि उसके पति के हाथ बांधकर बंदूक की नोक पर रखा गया। इसके बाद बदमाशों ने पूरे घर की तलाशी ली।
पीड़ित परिवार का दावा है कि बदमाश करीब डेढ़ से दो घंटे तक घर में रहे और करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। परिवार ने कुल नुकसान करीब 8 से 10 लाख रुपये का बताया है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिवार के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
हालांकि, लूटे गए सामान और नुकसान की कीमत संबंधी दावों की स्वतंत्र या आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
रिपोर्टर : बिजेंद्र भारती
स्थान : मोदीनगर, गाजियाबाद
