सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना मिर्जापुर क्षेत्र के मिर्जापुर पोल गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में एक युवक को बांधकर उसके साथ मारपीट करने और उससे पैसे वसूलने का आरोप लगाया गया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित युवक की पहचान शहजाद पुत्र इलियास के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शहजाद कथित तौर पर अपनी परिचित महिला गुलफशा से मिलने उसके घर गया था। इसी दौरान महिला के पति और परिवार के अन्य लोगों को इसकी जानकारी होने पर उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई और उससे पैसे भी वसूले गए।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद अन्य तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
क्षेत्राधिकारी बेहट सुश्री प्रिया यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सभी आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और पूरे मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
रिपोर्टर : सैय्यद कामरान
स्थान : सहारनपुर
