अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह ईख के खेत से एक अधजला शव और एक मोटरसाइकिल बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे सूचना मिली कि थाना हसनपुर क्षेत्र के एक ईख के खेत में मोटरसाइकिल के पास एक अधजला शव पड़ा है। सूचना पर थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फील्ड यूनिट तत्काल मौके पर पहुंचे।
मौके पर पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। प्रारंभिक जांच में शव पर जलने के साथ-साथ चोट के निशान भी पाए गए हैं। हालांकि, मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है, जहां पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही मामले में मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल से मिले सभी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा अन्य जांच के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्टर : सतपाल सिंह मान
स्थान : हसनपुर, अमरोहा
