कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना कोतवाली क्षेत्र में नहर से एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुखपुरा रेगुलेटर के पास नहर में करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव तैरता हुआ दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही सिधुआ चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई। पुलिस ने शव की पहचान कराने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 50 वर्ष आंकी जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस मृतक की शिनाख्त कराने के साथ-साथ यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।
चौकी प्रभारी चंदन कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। साथ ही मृतक की पहचान के प्रयास लगातार जारी हैं।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान होने और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
रिपोर्टर : अहमद हुसैन
स्थान : कुशीनगर
