झांसी। झांसी जिले के एरच थाना क्षेत्र में पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पुराने मुकदमों से जुड़े 11 अवैध असलहों को नियमानुसार नष्ट कर दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की गई।
पुलिस के अनुसार, नष्ट किए गए असलहों में 7 अवैध तमंचे और 4 छुरियां शामिल थीं। ये सभी वर्ष 2000 से 2011 के बीच दर्ज कुल 11 अलग-अलग आपराधिक मामलों से संबंधित थे और न्यायालय के आदेश के बाद इनका निस्तारण किया गया।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी (सीओ) गरौठा, नायब तहसीलदार तथा एरच थाना पुलिस की टीम मौके पर मौजूद रही। पूरी प्रक्रिया नियमानुसार वीडियोग्राफी और पंचनामा तैयार कर संपन्न कराई गई, ताकि कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी और कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में समय-समय पर जब्त किए गए अवैध हथियारों का निस्तारण किया जाता है, जिससे मालखानों में लंबित मामलों का उचित निष्पादन हो सके।
रिपोर्टर : राघवेंद्र सिंह
स्थान : गरौठा तहसील, झांसी
