फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्टेशन परिसर में खड़े एक ट्रेन के कोच में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा डिब्बा धू-धू कर जलने लगा।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग के दौरान कोच के अंदर रखा एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग के कर्मचारी और संबंधित टीमें मौके पर पहुंचीं तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सुरक्षा की दृष्टि से आग की चपेट में आए कोच को ट्रेन के अन्य डिब्बों से अलग कर दिया गया, ताकि आग आगे न फैल सके।
फिलहाल आग पर काबू पाने और स्थिति को पूरी तरह सामान्य करने का प्रयास जारी है। रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों और हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जांच कर रहा है।
रिपोर्टर : मो. तलहा
स्थान : शिकोहाबाद, फिरोजाबाद
