कानपुर नगर। कानपुर नगर के वार्ड-72 स्थित दबौली क्षेत्र में प्रकाश विद्या मंदिर स्कूल के बाहर लंबे समय से कूड़ा डंप किए जाने का मामला सामने आया है। स्कूल के आसपास फैली गंदगी और दुर्गंध को लेकर अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर बच्चों का भविष्य संवरना चाहिए, वहां कूड़े के ढेर और बदबू के बीच विद्यार्थियों को पढ़ाई करनी पड़ रही है। उनका आरोप है कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों और प्रशासन से की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया।
मामले को लेकर वार्ड की पार्षद वंदना गुंजन शर्मा ने कहा कि उनके वार्ड में कूड़ा डालने के लिए पर्याप्त जगह नहीं है और आसपास के अन्य वार्डों का कूड़ा भी इसी स्थान पर डाला जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन ने अवैध कब्जा किया हुआ है, जिसकी वजह से वैकल्पिक व्यवस्था करने में दिक्कत आ रही है।
दूसरी ओर, स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों का कहना है कि गंदगी के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द कूड़ा हटाकर स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े इस मुद्दे पर संबंधित विभाग कब तक ठोस कदम उठाता है।
रिपोर्टर : पंडित अनुपम दुबे
स्थान : कानपुर नगर
