सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में चोरों ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र में एक घर को निशाना बनाया। अज्ञात बदमाश दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे और करीब 20 हजार रुपये की नकदी के साथ कीमती जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि वारदात बीती रात की है। सुबह जब परिजनों की नींद खुली और घर का सामान बिखरा देखा तो उनके होश उड़ गए। चोरी की जानकारी मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
हैरानी की बात यह है कि चोरी की यह घटना इमलिया सुल्तानपुर थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई है। ऐसे में स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य भी जुटा रही है, ताकि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, पीड़ित गृहस्वामी ने जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की है।
रिपोर्टर : नन्द किशोर नाग
स्थान : सीतापुर (उत्तर प्रदेश)
