एटा। जिले के राजा का रामपुर थाना क्षेत्र स्थित गढ़िया जगन्नाथ गांव में शनिवार देर रात बदमाशों ने दो घरों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। बदमाश पीछे की दीवार काटकर एक मकान में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया।
पीड़ित रामवती के अनुसार, बदमाश घर से जेवरात और शादी का सामान चोरी कर ले गए। इसके बाद बदमाशों ने पास के एक अन्य मकान में भी घुसने की कोशिश की, लेकिन वहां मौजूद परिजनों की नींद खुल गई। शोर-शराबा होने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही राजा का रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
थानाध्यक्ष अनिल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील कर रही है।
रिपोर्टर : कुनाल सिंह सोलंकी
स्थान : एटा
