वाराणसी। सार्वजनिक और निजी क्षेत्र के बैंकों के कर्मचारियों एवं अधिकारियों ने राष्ट्रव्यापी एक दिवसीय हड़ताल के तहत शुक्रवार को वाराणसी में जोरदार प्रदर्शन किया। बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय, बड़ौदा भवन (चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र) के बाहर आयोजित प्रदर्शन में कर्मचारियों ने पांच दिवसीय कार्य सप्ताह (फाइव-डे वर्क वीक) लागू करने समेत अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय बैंक अधिकारी संघ के क्षेत्रीय सचिव एवं भारतीय राष्ट्रीय बैंक अधिकारी कांग्रेस, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष गौरव चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की।
गौरव चतुर्वेदी ने कहा कि बैंक कर्मचारियों की पांच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग लंबे समय से लंबित है और यह पूरी तरह न्यायोचित है। उन्होंने बताया कि मार्च 2024 में हुए समझौते के तहत कर्मचारी संगठनों ने सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त कार्य करने पर सहमति व्यक्त की थी। इसके बावजूद सभी शनिवार को अवकाश घोषित करने का प्रस्ताव करीब ढाई वर्षों से वित्त मंत्रालय के स्तर पर लंबित है।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द निर्णय लेती है तो इससे कर्मचारियों के कार्य-जीवन संतुलन (वर्क-लाइफ बैलेंस) में सुधार होगा और बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता भी बेहतर होगी। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने सरकार से लंबित समझौतों को जल्द लागू करने और अन्य मांगों का भी शीघ्र समाधान करने की मांग की।
रिपोर्टर : रोहित सेठ
स्थान : वाराणसी
