कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश। कानपुर के कल्याणपुर स्थित पॉश रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत मनोचा की गला रेतकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार शाम मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, विनीत मनोचा बिरहाना रोड स्थित ‘फार्मा ट्रेडर्स’ नाम से दवा का कारोबार करते थे और अपने बेटे सुब्रत के साथ व्यवसाय संभालते थे। घटना के समय परिवार के अन्य सदस्य एक कार्यक्रम में गए हुए थे। देर रात लौटने पर फ्लैट का मुख्य दरवाजा खुला मिला और अंदर विनीत मनोचा का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध व्यक्तियों के फ्लैट में प्रवेश करने के दृश्य सामने आए। इसके आधार पर पुलिस ने नौकरों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लूटपाट की मंशा सामने नहीं आई है। मृतक की गर्दन रेतने के साथ शरीर पर चाकू से कई वार किए गए थे और कमरे में संघर्ष के निशान भी मिले हैं।
रविवार शाम पुलिस ने मुठभेड़ के बाद विशाल गौतम और उसके साथी राज किशोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी विशाल ने दावा किया कि उसने पैसों के लालच में कारोबारी की बहू के कहने पर हत्या की। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह आरोपी का बयान है, जिसकी स्वतंत्र रूप से जांच की जा रही है। बहू की कथित भूमिका की भी जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद अपार्टमेंट के लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं की जांच के बाद ही अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
नोट: बहू की संलिप्तता को लेकर पुलिस ने अभी कोई अंतिम पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।
रिपोर्ट: चंदन सिंह
स्थान: कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश (4TV News)
