बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश। बुलंदशहर नगर क्षेत्र के देवीपुरा इलाके में सड़क हादसे में एक ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल चालक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दुलाल मंडल (करीब 50 वर्ष) पुत्र ज्योतिष मंडल, निवासी यमुनापुरम, बुलंदशहर के रूप में हुई है। वह पेशे से ई-रिक्शा चालक थे।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुलाल मंडल किसी सवारी को लेकर देवीपुरा क्षेत्र में गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनके ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद उन्हें तत्काल कल्याण सिंह मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट: 4TV News
स्थान: बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
