बहराइच, उत्तर प्रदेश। बहराइच पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के अभियान में उल्लेखनीय सफलता हासिल करते हुए 107 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत 26 लाख 12 हजार 830 रुपये बताई गई है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए, जिससे लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, जनपदीय पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने अभियान चलाकर Apple, Samsung, Vivo, Oppo, Tecno, Redmi, OnePlus सहित विभिन्न कंपनियों के 107 मोबाइल फोन बरामद किए। इसके बाद आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी कर मोबाइल उनके असली मालिकों को वापस सौंप दिए गए।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाया गया। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष विक्रम सिंह के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में संपन्न हुई।
पुलिस ने बताया कि भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की नियमित मॉनीटरिंग और विभिन्न थाना पुलिस के समन्वय से खोए हुए मोबाइल फोन का पता लगाकर उन्हें सफलतापूर्वक बरामद किया गया।
मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने बहराइच पुलिस और पुलिस अधीक्षक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलना उनके लिए बड़ी राहत की बात है। लोगों ने पुलिस की इस पहल को आमजन के हित में सराहनीय कदम बताया।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनका मोबाइल फोन खो जाए या चोरी हो जाए तो तत्काल स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही IMEI नंबर, मोबाइल का बिल, आधार कार्ड या अन्य पहचान पत्र के साथ CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी पूरी करें, जिससे मोबाइल की बरामदगी की संभावना बढ़ सके।
मोबाइल बरामदगी अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सर्विलांस टीम को पुलिस अधीक्षक द्वारा पुरस्कृत किए जाने की घोषणा भी की गई है।
रिपोर्ट: मो. नदीम खान
स्थान: बहराइच, उत्तर प्रदेश (4TV News)
