हापुड़। थाना हापुड़ कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में शुक्रवार को हुई फायरिंग की घटना में घायल दीपक की रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। दीपक की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए।
एंबुलेंस से दीपक का शव गांव पहुंचते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया तथा पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों ने फायरिंग की घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए दोषियों को फांसी देने की मांग भी उठाई।
स्थिति तनावपूर्ण होने की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को गांव बदनौली में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद फायरिंग हो गई थी। घटना में दीपक को गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां रविवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दीपक की मौत के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस के अनुसार, बदनौली फायरिंग प्रकरण में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
शव गांव पहुंचने के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण हालात को देखते हुए पुलिस ने गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
