बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश): दिल्ली पुलिस ने बुलंदशहर जिले के चोला थाना क्षेत्र से स्वतंत्र भारद्वाज समेत दो युवकों को हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई धमेड़ा नारा गांव में की गई, जहां से स्वतंत्र भारद्वाज और पवन नामक युवक को दिल्ली पुलिस अपने साथ ले गई।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, स्वतंत्र भारद्वाज शुक्रवार सुबह बुलंदशहर के नैथला गांव निवासी हरिशंकर उर्फ अन्नू के घर ठहरे हुए थे। हरिशंकर ने कैमरे पर सामने न आने की शर्त पर बताया कि दिल्ली पुलिस वहां पहुंची और दोनों युवकों को अपने साथ लेकर चली गई।
बताया जा रहा है कि CJP प्रदर्शन हिंसा मामले में स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ दिल्ली में पहले से एक एफआईआर दर्ज है। हालांकि, दिल्ली पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वहीं, बुलंदशहर पुलिस का दावा है कि दिल्ली पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेने के बाद स्थानीय थाने में आमद दर्ज नहीं कराई और न ही कार्रवाई की पूर्व या पश्चात कोई औपचारिक सूचना उपलब्ध कराई।
फिलहाल मामले को लेकर दिल्ली पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार है। जांच आगे बढ़ने के बाद ही हिरासत में लेने के कारणों और आगे की कानूनी प्रक्रिया की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्टर: चंदन सिंह
स्थान: बुलंदशहर, उत्तर प्रदेश
