The Film That Landed Rajpal Yadav in Jail Once Earned High Praise from Amitabh Bachchan
नई दिल्ली। 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में अभिनेता राजपाल यादव ने हाल ही में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सरेंडर किया। अपने करियर में उन्होंने अमिताभ बच्चन, सलमान खान, अक्षय कुमार, कार्तिक आर्यन और वरुण धवन जैसे बड़े सितारों के साथ काम किया है।
इस मुश्किल दौर में, जहां अभिनेता सोनू सूद को छोड़कर बॉलीवुड की ओर से कोई खास प्रतिक्रिया सामने नहीं आई, वहीं फैंस इंडस्ट्री की चुप्पी पर सवाल उठा रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि जिस फिल्म के चलते आज राजपाल यादव कानूनी संकट में हैं, उसी फिल्म के एक कार्यक्रम में कभी अमिताभ बच्चन ने उनकी खुलकर प्रशंसा की थी।
अमिताभ बच्चन ने बताया था खुद को सौभाग्यशाली
राजपाल यादव की डायरेक्टोरियल फिल्म ‘अता-पता लापता’ साल 2012 में रिलीज हुई थी। फिल्म के म्यूजिक लॉन्च इवेंट में अमिताभ बच्चन विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस दौरान बिग बी ने कहा था कि वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं कि राजपाल यादव ने उन्हें कार्यक्रम में आमंत्रित किया। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके साथ काम करना उनका सौभाग्य रहा है।
इसी कार्यक्रम में अमिताभ बच्चन ने राजपाल यादव के संघर्ष और इंडस्ट्री में बनाई गई उनकी पहचान की सराहना की थी। उनकी तारीफ सुनकर राजपाल यादव भावुक हो गए थे और उन्होंने अमिताभ बच्चन को हिंदी सिनेमा का ‘भीष्म पितामह’ बताया था।
फिल्म के लिए लिया था लोन
जानकारी के अनुसार, साल 2010 में राजपाल यादव ने दिल्ली की एक कंपनी ‘मुरली प्रोजेक्ट्स’ से फिल्म निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये का लोन लिया था। ‘अता-पता लापता’ का निर्देशन और प्रोडक्शन दोनों जिम्मेदारियां उन्होंने खुद संभाली थीं। फिल्म में आशुतोष राणा, विजय राज, दारा सिंह, गोविंद नामदेव, असरानी, ओम पुरी, मनोज जोशी सहित कई अनुभवी कलाकार नजर आए थे।
करीब 5 से 11 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर महज 38 लाख रुपये ही कमा पाई, जिससे भारी नुकसान हुआ। कर्ज न चुका पाने के कारण ब्याज और पेनाल्टी के साथ रकम बढ़कर 9 करोड़ रुपये तक पहुंच गई।
बताया जाता है कि राजपाल यादव द्वारा जारी किए गए चेक बाउंस हो गए थे। दिल्ली हाईकोर्ट ने उन्हें कई बार भुगतान के लिए मोहलत दी, लेकिन कर्ज अदा न करने पर अदालत ने उनकी अतिरिक्त समय की याचिका खारिज कर दी, जिसके बाद उन्हें जेल जाना पड़ा।
