मैनपुरी: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के दन्नाहार थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर कथित रूप से लाठी-डंडों से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है।
पीड़ित धर्मेन्द्र, पुत्र स्वर्गीय विनोद कुमार जाटव, ने आरोप लगाया है कि 21 अगस्त 2026 की रात करीब आठ बजे वह अपने घर के बाहर अकेले बैठे थे। उनकी पत्नी बच्चों के साथ मायके गई हुई थीं। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर रिंकू, गोविन्द, जितेन्द्र और ईमा ने कथित रूप से उन पर हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में उनके मुंह, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ईमा ने फोन कर धर्मेन्द्र की पत्नी को कथित तौर पर धमकी दी और कहा कि यदि वह सुबह घर आईं तो उन्हें भी जान से मार दिया जाएगा।
शिकायत के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को जब पीड़ित की पत्नी थाना दन्नाहार में शिकायत दर्ज कराने पहुंचीं, तो पुलिस ने आरोपी रिंकू को हिरासत में लेने के बाद कथित रूप से बिना उनकी सहमति के छोड़ दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इससे आरोपियों के हौसले और बढ़ गए हैं।
फिलहाल धर्मेन्द्र का इलाज जिला अस्पताल मैनपुरी में जारी है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक, मैनपुरी को प्रार्थना पत्र देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से भी इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मामले की जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट: आफताब अल्वी, 4TV, मैनपुरी
