कौशांबी: के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी गांव के पास हुए भीषण विस्फोट और 11लोगों की मौत के मामले में पुलिस महकमे पर बड़ी कार्रवाई हुई है। घटना में लापरवाही बरतने के आरोप में आईजी अजय कुमार मिश्रा ने एक इंस्पेक्टर समेत छह दरोगाओं को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके बाद दो और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। यानी अब कुल नौ पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में आ गए हैं।
दरअसल, पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी गांव के पास हुए विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया था। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हुई थी। इसी को लेकर घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आईजी अजय कुमार मिश्रा ने पिपरी थाना और चौकी में तैनात रहे पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिए। जांच के बाद लापरवाही बरतने के आरोप में निरीक्षक शिवचरण राम समेत छह उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबित पुलिसकर्मियों में निरीक्षक शिवचरण राम, उपनिरीक्षक विकास सिंह, विनय सिंह, अजीत कुमार सिंह, अभिषेक गुप्ता, मनीष पाल और अमित द्विवेदी शामिल हैं।
आईजी के निर्देश पर पिपरी थाना और संबंधित चौकी में पिछले दो वर्षों के दौरान तैनात रहे पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में लाई गई। इसी क्रम में दो और पुलिसकर्मियों पर विभागीय कार्रवाई की गई है। इससे पहले सोमवार की रात कौशांबी के एसपी ने भी कार्रवाई करते हुए दो बीट आरक्षियों को निलंबित किया था, जबकि थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया था।
मनौरी विस्फोट में 11 लोगों की मौत के बाद पुलिस विभाग में हुई इस बड़ी कार्रवाई से साफ है कि मामले में जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। अब विभागीय जांच में यह सामने आएगा कि हादसे से पहले और बाद में पुलिस स्तर पर कहां और किस स्तर पर लापरवाही हुई।
