हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी ई-केवाईसी के माध्यम से सिम कार्ड सक्रिय कर देशभर में साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से बड़ी संख्या में सिम कार्ड और अन्य सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से 48 ब्लैंक सिम कार्ड, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने कूटरचित ई-केवाईसी के जरिए 105 सिम कार्ड सक्रिय किए थे, जिनका इस्तेमाल कथित रूप से साइबर अपराधों में किया जा रहा था।
प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इन सिम कार्डों के संबंध में देश के 17 राज्यों में 170 एनसीआरपी (NCRP) शिकायतें दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपक से जुड़े 69 सिम कार्डों का इस्तेमाल कथित तौर पर 19 राज्यों में 114 साइबर ठगी की घटनाओं में हुआ, जबकि आरोपी विक्रांत से जुड़े 36 सिम कार्डों के माध्यम से 16 राज्यों में 56 साइबर अपराध किए जाने की जानकारी मिली है।
पुलिस का कहना है कि इन फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल लाखों रुपये की साइबर ठगी को अंजाम देने के लिए किया जा रहा था। मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
इस पूरे मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्ट: अज़हर बेग, हमीरपुर
