गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर स्थित सब-रजिस्ट्रार (रजिस्ट्री) कार्यालय में भीड़ के बीच जेबकतरी की घटना सामने आई है। अज्ञात बदमाश ने भीड़ का फायदा उठाकर एक व्यक्ति की जेब से करीब 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, तहसील मोदीनगर में मुंशी का कार्य करने वाले सलमान सैफी बैनामा पंजीकरण कराने के लिए पक्षकारों के साथ रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। पीड़ित के मुताबिक, मंगलवार दोपहर करीब 11:45 बजे कार्यालय में काफी भीड़ थी। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब काट दी और उसमें रखे करीब 50 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।
कुछ देर बाद जब सलमान को जेब कटने का पता चला तो उन्होंने आसपास मौजूद लोगों की मदद से काफी तलाश की, लेकिन आरोपी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
घटना के बाद पीड़ित ने एसीपी मोदीनगर को शिकायत देकर मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही रजिस्ट्री कार्यालय और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर चोरी की रकम बरामद करने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
