मेरठ। मेरठ के लोहिया नगर थाना क्षेत्र में एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने दामाद और उसके भाई पर दुष्कर्म, मारपीट और गला दबाकर हत्या का प्रयास करने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद घायल महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
आरोप है कि एक युवक ने अपनी भाभी के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया। जब पीड़िता के माता-पिता ने इसका विरोध किया तो पति और उसके भाई ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि इसी दौरान शाहरुख और उसके भाई आवेश ने पीड़िता की मां का गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। किसी तरह परिवार वहां से निकलकर लोहिया नगर थाने पहुंचा। पुलिस ने घायल दंपति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान पीड़िता की मां की मौत हो गई।
मामले में पुलिस ने पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर गैर-इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
वहीं, पीड़ित परिवार का आरोप है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
नोट: दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और अन्य आरोप शिकायतकर्ता पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। इनकी पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
रिपोर्ट: सचिन पवार
लोकेशन: मेरठ
