आगरा। आगरा के एत्मादपुर थाना क्षेत्र स्थित रहनकला गांव में एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों में 22 वर्षीय युवक और 19 वर्षीय युवती शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आ रही है। बताया जा रहा है कि युवक पहले से विवाहित था, जबकि युवती की शादी भी तय हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, रक्षाबंधन के अवसर पर युवती के परिजन गांव से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान युवक उससे मिलने पहुंचा था। कुछ समय बाद दोनों की मौत की सूचना मिलने से परिवार और गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही एत्मादपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
रिपोर्ट: एमडी इस्लाम अब्बास
लोकेशन: आगरा
