जालौन। मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जालौन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आटा थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 2 कुंतल 27 किलोग्राम अवैध गांजा, दो स्कॉर्पियो वाहन और 5,100 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 70 लाख रुपये आंकी गई है। यह कार्रवाई 29 अगस्त को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के दौरान की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव पंवार (45) निवासी शामली (वर्तमान पता बागपत), मो. आदिल (30), मोईन खान (24) निवासी शामली तथा शमीम (38) निवासी बागपत के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। साथ ही UK08 BM 4343 और UP19 X 5841 नंबर की दो काले रंग की स्कॉर्पियो भी जब्त कर सीज कर दी गई हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
रिपोर्ट: भीम राजावत
लोकेशन: जालौन
