गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज पूर्वांचल के दौरे पर रहेंगे। अपने दौरे के दौरान वह देवरिया और बलिया में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद शाम को गोरखपुर पहुंचेंगे, जहां कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे।
मुख्यमंत्री सबसे पहले देवरिया में जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसके बाद वह बलिया पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे तथा हालात का जायजा लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री शाम करीब 4 बजे गोरखपुर पहुंचेंगे। यहां वह बशारतपुर में बने अत्याधुनिक कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री गोरखपुर में कुल 170 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें नगर निगम की 140 तथा गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की 30 परियोजनाएं शामिल हैं।
इन परियोजनाओं पर लगभग 130.73 करोड़ रुपये की लागत आई है। इनमें सड़क निर्माण, नालियों का निर्माण, पार्कों का विकास, स्ट्रीट लाइट, पेयजल व्यवस्था सहित कई जनहित से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।
