औरैया। बेला-कानपुर मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मल्होसी गांव निवासी अमित कुमार, पुत्र श्याम सुंदर, शुक्रवार रात करीब 11 बजे बेला-कानपुर मार्ग पर पिपरौली शिव गांव के पास बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक डीसीएम ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अमित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर चिचौली मोर्चरी भेज दिया। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मृतक की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और डीसीएम दोनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। शनिवार सुबह पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई जारी है और मामले की जांच की जा रही है। दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: आशुतोष अवस्थी
