फतेहपुर। खागा कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पड़ोस के एक व्यक्ति पर करीब एक वर्ष से लगातार छेड़खानी, पीछा करने और अश्लील हरकतें करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि स्थानीय पुलिस से शिकायत के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता के अनुसार, उसके पति रोजगार के सिलसिले में अहमदाबाद में रहते हैं और वह अपनी पांच वर्षीय बेटी के साथ गांव में अकेली रहती है। महिला का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला अवधेश सिंह उर्फ खटवा मुन्ना लंबे समय से उसका पीछा करता है, अश्लील टिप्पणियां करता है और बहाने बनाकर मिलने का दबाव डालता है।
महिला का कहना है कि जब वह अपनी बेटी को स्कूल छोड़ने जाती है, तब आरोपी रास्ते में उसका पीछा करता है, मोबाइल नंबर मांगता है और पैसे देने का भी प्रयास करता है। कई बार विरोध करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
पीड़िता ने बताया कि सामाजिक बदनामी के डर से वह लंबे समय तक चुप रही, लेकिन अब आरोपी का घर तक आना-जाना बढ़ जाने के कारण उसे शिकायत करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उसका आरोप है कि खागा कोतवाली में शिकायत के बावजूद उसे न्याय नहीं मिला।
मामले की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने खागा कोतवाली पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पीड़िता को न्याय दिलाने का भरोसा भी दिया गया है।
