महबूबनगर। जश्न-ए-मिलादुन्नबी के अवसर पर टीम सोशल वर्कर्स सोसाइटी वेलफेयर की ओर से महबूबनगर के अलमास फंक्शन हॉल में एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 8 बजे शुरू हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान किया।
रक्तदान शिविर का उद्घाटन जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) डी. जानकी, आईपीएस ने किया। इस अवसर पर उन्होंने संस्था द्वारा किए जा रहे इस मानवीय सेवा कार्य की सराहना की और सभी मुस्लिम समुदाय के लोगों को जश्न-ए-मिलादुन्नबी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य है, क्योंकि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद की जान बचा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त कलेक्टर मधुसूदन नाइक ने भी शिविर का निरीक्षण किया। वहीं वन टाउन सर्किल इंस्पेक्टर अप्पैया ने शिविर में पहुंचकर स्वयं रक्तदान किया और लोगों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।
शिविर की खास बात यह रही कि इसमें धर्म और समुदाय से ऊपर उठकर विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया और मानव सेवा की भावना के साथ रक्तदान किया।
टीम सोशल वर्कर्स सोसाइटी वेलफेयर के पदाधिकारियों ने महबूबनगर के युवाओं और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में भाग लेकर इस मानवीय अभियान को सफल बनाने की अपील की।
