गाजियाबाद। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में मंगलवार को पुलिस और एक संदिग्ध बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में कथित चेन स्नैचर के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के अनुसार, पुलिस टीम सर्विस रोड पर अपराधियों की तलाश में वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक अपाचे बाइक पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह तेज रफ्तार से भागने लगा। पीछा करने के दौरान उसकी बाइक फिसल गई।
पुलिस का दावा है कि घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मनोज बनवारी, निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर इंदिरापुरम के शिप्रा चौकी क्षेत्र में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस का कहना है कि वह मंगलवार को दोबारा चेन स्नैचिंग की नीयत से क्षेत्र में आया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की अपाचे बाइक, एक देसी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके फरार साथी की तलाश में जुटी है।
