सीतापुर में सर्राफा व्यापारी से लाखों की लूट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दुकान बंद कर बेटे के साथ बाइक से घर लौट रहे व्यापारी को बदमाशों ने रास्ते में घेर लिया। लाठी-डंडों से हमला करने के बाद बदमाश चांदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र से जुड़ा है। बाबूपुर निवासी रमेश निगम की सरैया थाना रामपुर कलां क्षेत्र में ज्वैलरी की दुकान है। रविवार देर शाम वह दुकान बंद कर अपने बेटे कन्हैया के साथ बाइक से घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जाननगर और केसरीपुर के बीच दो बाइकों पर सवार करीब छह बदमाशों ने उनकी बाइक को घेर लिया। बदमाशों ने दोनों पर लाठी-डंडों से हमला किया और बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब ढाई किलो चांदी और 900 रुपये नकद बताए गए हैं। चांदी की कीमत करीब 5 से 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
हमले में रमेश निगम और उनका बेटा कन्हैया घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहला में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद रमेश निगम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि कन्हैया का इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अंकुर अग्रवाल और एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हैं।
