सीतापुर। लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर स्थित सूर्यकुंड मंदिर में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। सरोवर में स्नान के दौरान 12 वर्षीय कांवड़िये केशू की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मंदिर परिसर और गांव में शोक का माहौल छा गया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शादीपुर निवासी अनूप कुमार अवस्थी अपने बेटे केशू और अन्य बच्चों के साथ कांवड़ यात्रा के लिए सूर्यकुंड सरोवर से जल भरने पहुंचे थे। जल भरने से पहले सभी बच्चे सरोवर में स्नान करने लगे। कुछ देर बाद अन्य बच्चे तो सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन केशू दिखाई नहीं दिया।
बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सरोवर में तलाश अभियान शुरू कराया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने बालक का शव सरोवर से बाहर निकाला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
