रामपुर। जनपद के थाना गंज क्षेत्र में बिलासपुर गेट स्थित नैनीताल हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और ट्रक को भी रोक लिया। इसके बाद घटना की सूचना थाना गंज पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि उनके पिता बाइक से घर खाना खाने के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं ट्रक और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
