मैनपुरी। थाना एलाऊ पुलिस और एसओजी-स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रांसफॉर्मर चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने फर्रुखाबाद निवासी सौरभ मिश्रा और अजीत को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में चोरी का सामान, वाहन और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 200 लीटर ट्रांसफॉर्मर ऑयल, एक क्षतिग्रस्त 25 केवी ट्रांसफॉर्मर, ट्रांसफॉर्मर की कॉइल, चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण, दो कार बैटरियां और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा मौके से एक ईको कार और एक पिकअप वाहन भी कब्जे में लिया गया है, जिनका इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था।
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू भी बरामद किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर विभिन्न जिलों में ट्रांसफॉर्मरों को निशाना बनाते थे। ट्रांसफॉर्मर से तेल और अंदरूनी कीमती सामान निकालकर उसे कबाड़ियों को बेच देते थे, जिससे उन्हें मोटा मुनाफा होता था।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस गिरोह ने किन-किन जनपदों में ट्रांसफॉर्मर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच जारी है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जाएगी।
