सीतापुर। संदना थाना क्षेत्र के शिवपुरी गांव में पांच दिनों से लापता युवक का शव गन्ने के खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान बृजेश के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि वह 19 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार को गांव से करीब दो किलोमीटर दूर गन्ने के खेत में यूकेलिप्टस के पेड़ से उसका शव लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
