फतेहपुर। जिले के थाना औंग क्षेत्र के ग्राम विकमपुर में शनिवार को गांव के बाहर खेत में एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
पुलिस ने शव की पहचान राम सिंह (42) पुत्र गंगा सिंह, निवासी ग्राम टेनी, थाना खागा के रूप में की। मृतक के भांजे सचिन सिंह ने बताया कि राम सिंह निर्माणाधीन सड़क पर रोलर चालक के रूप में कार्य करते थे और घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक ट्यूबवेल में रहते थे।
परिजनों के मुताबिक, राम सिंह शराब के अधिक सेवन के आदी थे और काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनका सामान भी ट्यूबवेल में ही रखा हुआ था। परिजनों ने किसी भी प्रकार की साजिश या अनहोनी की आशंका से इनकार किया है।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
