Etawah: इटावा के भरथना थाना क्षेत्र के चन्देठी गांव में हुए मां-बेटी के सनसनीखेज डबल मर्डर मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार वारदात के मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, कारतूस और मृतका की पायल बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अगस्त को चन्देठी गांव में दो महिलाओं के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस और भरथना थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
पुलिस का कहना है कि 20-21 अगस्त की रात सूचना मिली कि हत्या का आरोपी तुरैया पुल के पास एक मंदिर के नजदीक मौजूद है और गवाहों को धमकाने की फिराक में है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने कथित रूप से बताया कि उसकी शादी वर्ष 2021 में मृतका मंजू यादव से हुई थी। वैवाहिक विवाद के चलते पत्नी मायके में रह रही थी और भरण-पोषण व घरेलू हिंसा का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने अपने एक रिश्तेदार के साथ मिलकर दोनों महिलाओं की हत्या की साजिश रची।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त की रात दोनों महिलाओं को कथित तौर पर नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद उनकी हत्या की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी को फरार होने के लिए ढाई लाख रुपये देने की बात कही थी।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और मृतका की एक जोड़ी पायल बरामद करने का दावा किया है। मामले में हत्या और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट: कुलदीप राजपूत | इटावा
