उत्तर प्रदेश: के फतेहपुर जिले के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भीटारी गांव में देर रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश महिला से जेवरात उतरवाने के साथ घर में रखी करीब 1.25 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, भोर करीब तीन बजे तीन नकाबपोश बदमाश रामकेश दीक्षित के घर में घुस गए। उस समय उनकी पत्नी शांति देवी और बड़ा बेटा अनुराग घर में सो रहे थे। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार के बल पर परिवार को बंधक बना लिया और शांति देवी से सोने का मंगलसूत्र, सोने के कान के बाले, चांदी की पायल और बिछिया उतरवा ली।
परिजनों के मुताबिक बदमाश घर में रखी करीब 1 लाख 25 हजार रुपये की नकदी भी अपने साथ ले गए। वारदात के दौरान बदमाशों ने परिवार को धमकाया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद हुसैनगंज थाना पुलिस, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। सदर क्षेत्राधिकारी (सीओ) गौरव शर्मा भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर पूरी वारदात को अंजाम दिया। वहीं थाना प्रभारी आलोक पांडे ने बताया कि मामले में अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्र में छानबीन कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
