अंबेडकरनगर। उत्तर प्रदेश पंचायत राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ की जनपद शाखा अंबेडकरनगर के आह्वान पर गुरुवार को सफाई कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना (OPS) बहाल करने की मांग को लेकर तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ विकासखंड अकबरपुर मुख्यालय से संघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार मौर्य ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा अंबेडकर प्रतिमा स्थल तक निकाली गई, जहां कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया।
यात्रा के समापन के बाद कर्मचारियों ने जिलाधिकारी अंबेडकरनगर को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से पुरानी पेंशन योजना को पुनः लागू करने की मांग की गई।
संघ के जिलाध्यक्ष शिवकुमार मौर्य ने कहा कि नई पेंशन योजना बाजार आधारित व्यवस्था है, जिससे कर्मचारियों के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग की।
कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
