एटा। लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। कासगंज रोड स्थित आईटीआई बिजली घर पर देर रात दर्जनों ग्रामीण पहुंच गए और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती की जा रही है। उनका कहना है कि पूरे दिन में केवल 2 से 3 घंटे ही बिजली मिल रही है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोग सबसे अधिक परेशान हैं। वहीं, लगातार बिजली गुल रहने से बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है और रात के समय अंधेरे व गर्मी के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह तीसरी बार है जब उन्हें रात में अपनी समस्या लेकर बिजली घर पहुंचना पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार अंधेरा रहने से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से तत्काल बिजली आपूर्ति सुचारु करने और कटौती की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की।
रिपोर्ट: कुनाल सिंह सोलंकी, एटा
