बरेली: बरेली के अलीगंज थाना क्षेत्र में युवती की संदिग्ध मौत के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में युवती की गला घोंटकर हत्या करने और शव को खेत में दफनाने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जिला कारागार भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामला थाना अलीगंज क्षेत्र के ग्राम अनिरुद्धपुर गौदिया का है। 16 अगस्त को युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और शव को खेत में दबाए जाने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस ने शव को जमीन से बाहर निकलवाकर 19 अगस्त को पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद मृतका के दादा की तहरीर पर 20 अगस्त को मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने 20 अगस्त की सुबह मुखबिर की सूचना पर 37 वर्षीय जयप्रकाश को गांव के एक खेत से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे युवती के गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग होने का शक था। आरोप है कि 28 जुलाई को उसने युवती को ट्यूबवेल की कोठरी में मोबाइल पर बात करते देखा, जिससे गुस्से में आकर उसने दुपट्टे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को पहले ट्यूबवेल की कोठरी में छिपाया और बाद में खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि शव के साथ नमक के पैकेट भी डाले गए थे।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
