सीतापुर: सीतापुर के नगर कोतवाली क्षेत्र के घंटाघर इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद ससुराल पक्ष उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की सूचना मिलने पर मृतका के मायके वाले लखनऊ से जिला अस्पताल पहुंचे। इस दौरान मायके और ससुराल पक्ष के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
सूचना पर नगर कोतवाल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराकर कोतवाली ले जाया गया।
मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
