बिजनौर: बिजनौर जिले के नजीबाबाद क्षेत्र में गुलदार के हमले से सनसनी फैल गई। खुशहालपुर मड़के गांव के पास 7 वर्षीय मासूम बच्चे को गुलदार ने अपना शिकार बना लिया। काफी तलाश के बाद जंगल से बच्चे के शव के अवशेष बरामद होने पर परिवार में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि बच्चा जंगल की ओर गया था, तभी घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान जंगल में बच्चे के शव के अवशेष मिलने से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने गुलदार को पकड़ने के लिए इलाके में पिंजरा लगा दिया है और उसकी तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर अकेले न जाने और सतर्क रहने की अपील की है।
