सीतापुर: जिले के रामपुर थाना क्षेत्र के केवड़ा ग्राम पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में दो चचेरे भाइयों की नाले में डूबने से मौत हो गई। खेत की ओर जाते समय नाला पार करते हुए एक बालक का पैर फिसल गया। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा भाई भी पानी में उतर गया और दोनों की डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, 12 वर्षीय सुरेंद्र खेत की ओर जाते समय नाला पार कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। सुरेंद्र को डूबता देख उसका चचेरा भाई संजय उसे बचाने के लिए नाले में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण दोनों पानी से बाहर नहीं निकल सके।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद दोनों के शवों को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिपोर्ट: नन्द किशोर नाग, सीतापुर
